डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 1 करोड़ की साइबर ठगी: राजस्थान से दो आरोपी गिरफ्तार

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP) | रेंज साइबर थाना बिलासपुर की टीम ने “डिजिटल अरेस्ट” के नाम पर एक महिला से 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह के दो आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने महिला को व्हाट्सएप कॉल कर स्वयं को पुलिस अधिकारी बताया और आतंकवादी संगठन से जुड़े मामले में नाम आने की बात कहकर डराया। इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए महिला को घंटों तक तथाकथित “डिजिटल अरेस्ट” में रखा गया। आरोपियों ने पुलिस, ईडी, आरबीआई और सुप्रीम कोर्ट की कार्रवाई का भय दिखाकर महिला पर मानसिक दबाव बनाया।

ठगों ने फर्जी सरकारी दस्तावेज, ईडी जांच रिपोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेश भेजकर महिला को विश्वास में लिया। डर और मानसिक तनाव के कारण महिला आरोपियों के झांसे में आ गई और अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1.04 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में आरोपियों ने केस खत्म करने के नाम पर अतिरिक्त 50 लाख रुपये की मांग भी की।

मामला सामने आने के बाद रेंज साइबर थाना बिलासपुर में अपराध दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की गई। बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच के दौरान साइबर पुलिस को राजस्थान के चुरू जिले तक सुराग मिले।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रूपेन्द्र सिंह (21 वर्ष) और विशाल सिंह (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने कमीशन के बदले अपने बैंक खाते उपलब्ध कराने और ठगी की रकम निकालकर आगे पहुंचाने की बात स्वीकार की।

आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं। मामले में अन्य आरोपियों और साइबर नेटवर्क की जांच जारी है।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post